Faridabad/Alive News: मुजेसर गांव स्थित फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलसे पुलिस सब इंस्पेक्टर रवि कुमार का शनिवार को उपचार के दौरान निधन हो गया। वे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
सब इंस्पेक्टर रवि कुमार हरियाणा के कैथल जिले के क्योड़क गांव के निवासी थे। मार्च 2022 में वे पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और वर्तमान में मुजेसर थाना में तैनात थे। घटना के दिन उनके पास स्टेशन ड्यूटी ऑफिसर का प्रभार था।
लोगों को बचाने के लिए धधकती फैक्ट्री में घुसे
मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह के अनुसार, रवि कुमार ड्यूटी के प्रति बेहद गंभीर और खुशमिजाज स्वभाव के अधिकारी थे। आग लगने की सूचना मिलते ही वे मात्र 15 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्हें जानकारी मिली कि फैक्ट्री के अंदर कुछ लोग फंसे हुए हैं। अपनी जान की परवाह किए बिना वे अंदर घुसे और लोगों को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान केमिकल से भरा एक ड्रम फट गया, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए। उन्हें पहले बादशाह खान सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चार लोगों की हो चुकी है मौत
इस अग्निकांड में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। फैक्ट्री मालिक विजय मोंगा के बेटे अभिषेक मोंगा की पहले ही उपचार के दौरान मृत्यु हो चुकी थी। कर्मचारी प्रदीप की भी दो दिन पहले मौत हो गई थी। वहीं दमकलकर्मी भविचंद, जो पलवल के रामपुरखोर गांव के निवासी थे, ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया।
हादसे में करीब 50 लोग घायल हुए थे, जिनमें दमकलकर्मी, फैक्ट्री मालिक और कर्मचारी शामिल हैं। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

