Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हुए भीषण आगजनी और केमिकल ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। छठे दिन इलाज के दौरान एक पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई, जिससे पुलिस और दमकल विभाग में शोक का माहौल है।
यह हादसा मुजेसर थाना क्षेत्र के सेक्टर-24 इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित शिव स्टील और कालका जी लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ था। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। वर्कशॉप में रखे केमिकल से भरे ड्रम एक के बाद एक फटने लगे, जिससे जोरदार धमाके हुए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस हादसे में 35 से ज्यादा लोग झुलस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घायलों का इलाज जारी, कई की हालत गंभीर
घायलों को तुरंत निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को दिल्ली रेफर किया गया। हादसे के चौथे दिन वर्कशॉप मालिक के 25 वर्षीय बेटे अभिषेक मोंगा और कर्मचारी प्रदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
फायर कर्मी और पुलिसकर्मी की भी मौत
पांचवें दिन आग बुझाने के दौरान घायल हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारी भीचंद्र (48 वर्ष) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। छठे दिन मुजेसर थाने में तैनात पीएसआई रवि, जो कैथल जिले के क्योड़क गांव के निवासी थे, ने शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे उसी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
प्रशासन में शोक, जांच जारी
लगातार हो रही मौतों से पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन में शोक की लहर है। पुलिस ने संबंधित वर्कशॉप संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

