June 6, 2026

गोकशी का आरोपी गिरफ्तार, 115 किलो मांस और उपकरण बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में गोकशी के मामले में थाना धौज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 26 जनवरी को सूचना मिली थी कि गांव धौज में जाविद उर्फ जावेद नाम के व्यक्ति ने अपने घर में गाय को काटकर मांस रखा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर से करीब 115 किलोग्राम संदिग्ध मांस और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए। हालांकि, उस समय आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

लगातार तलाश के बाद 19 फरवरी को पुलिस ने आरोपी जाविद उर्फ जावेद, निवासी धौज, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 26 जनवरी को उसने एक साथी के साथ मिलकर गोवंश का वध किया था और मांस बेचने के लिए घर में रखा था।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।