Chandigarh/Alive News: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर युवाओं के रोजगार और बुजुर्गों के सम्मान का हक छीनने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कभी सरकारी भर्तियों में गड़बड़ी तो कभी बुढ़ापा पेंशन में कटौती कर सरकार युवाओं और बुजुर्गों के साथ अन्याय कर रही है, जिसे जेजेपी बर्दाश्त नहीं करेगी।
वे शुक्रवार को अंबाला में आयोजित जेजेपी के युवा योद्धा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 13 मार्च को जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर हांसी में होने वाले सर्व हरियाणा जन चेतना दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं से पहुंचने की अपील की।
चंडीगढ़ में अंग्रेजी सहायक प्रोफेसर भर्ती अभ्यर्थियों को पुलिस हिरासत में लेने की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन युवाओं की समस्याएं सुनने के बजाय दबाव में कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचकूला में 55 दिनों से शांतिपूर्ण धरने पर बैठे युवाओं की मांग केवल पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और खाली पदों को भरने की है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री देवी लाल ने बुजुर्गों के सम्मान के लिए बुढ़ापा पेंशन शुरू की थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने हजारों बुजुर्गों की पेंशन काट दी।
इस दौरान जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश देते हुए युवाओं को जिम्मेदारियां सौंपने की बात कही।

