March 7, 2026

4.25 करोड़ रुपये खर्च के बाद भी नहीं सुलझी सीवर ओवरफ्लो की समस्या

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा 72 इंच की मुख्य सीवर लाइन की करीब दो महीने तक सफाई कराए जाने के बावजूद ओवरफ्लो की समस्या दूर नहीं हो सकी। सफाई कार्य पर लगभग 4.25 करोड़ रुपये खर्च किए गए और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, लेकिन कुछ समय बाद ही सीवर दोबारा ओवरफ्लो होने लगा, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई।

मामले को लेकर वार्ड पार्षद ने एजेंसी की लापरवाही की शिकायत अधिकारियों से की, जिसके बाद संबंधित एसडीओ और जेई को हटा दिया गया। प्राधिकरण अब स्थायी समाधान के लिए दोबारा टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है। यह मुद्दा नगर निगम हाउस की बैठक में भी उठाया गया, जहां अधिकारियों ने सफाई एजेंसी की लापरवाही स्वीकार की।

30 साल पुरानी लाइन, दो महीने चला काम

संजय कॉलोनी की 22 फुट रोड से गुजरने वाली 72 इंच सीवर लाइन करीब 30 वर्ष पहले बिछाई गई थी। सफाई का जिम्मा एफएमडीए को दिया गया था, जिसने इसे एक निजी एजेंसी को ठेके पर सौंपा। एजेंसी ने अक्टूबर में मशीनों के माध्यम से सफाई कार्य शुरू किया।

इस दौरान कॉलोनी की 20 से अधिक गलियों में लोहे के पाइप लगाकर रास्ते ब्लॉक कर दिए गए। त्योहारों के मौसम में करीब दो महीने तक सफाई कार्य चलते रहने से स्थानीय व्यापार और रोजमर्रा के कामकाज पर प्रतिकूल असर पड़ा। सीवर का पानी पाइपों के माध्यम से बड़े नाले में छोड़ा गया, जिससे सेक्टर-52 सहित कई गलियों में जलभराव की स्थिति बनी रही। कुछ स्थानों पर सीवर का पानी घरों की नींव तक पहुंच गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।