Chandigarh/Alive news: चंडीगढ़ स्थित पंजाब सीएम ऑफिस, सचिवालय और कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
ईमेल में लिखी गई ये धमकी
सचिवालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 9 बजकर 46 मिनट पर धमकी भरा मेल मिला। इसमें लिखा गया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के दफ्तर, पंजाब सचिवालय, और चंडीगढ़ कोर्टमें दोपहर 2:11 बजे विस्फोट किया जाएगा। मेल में आगे लिखा गया कि “पंजाब अब खालिस्तान बनकर रहेगा” और मुख्यमंत्री के दफ्तर व घर को भी निशाना बनाने का जिक्र किया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि चंडीगढ़ कोर्ट में दोपहर 3:11 बजे ब्लास्ट होगा।
तुरंत खाली कराया गया परिसर
धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। सुरक्षा के तौर पर सचिवालय और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया तथा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड
पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं की तलाशी ली जा रही है और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है।
जांच जारी, पहले भी मिल चुकी है झूठी धमकियां
पुलिस फिलहाल ईमेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी किसने भेजी। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी इस तरह की कुछ धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में झूठी साबित हुई थीं, लेकिन इस बार भी मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है।

