Panipat/Alive News: पानीपत में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CRPF की वर्दी पहनकर शराब तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को सुरक्षाबल का जवान बताकर अवैध शराब की सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-40 की पार्किंग में एक नीले रंग का कैंटर खड़ा है, जिस पर आगे “POLICE” लिखा हुआ है और उसमें भारी मात्रा में शराब रखी हुई है। सूचना के आधार पर CIA-1 की टीम और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से छापा मारा।
छापेमारी के दौरान कैंटर के अंदर दो लोग अर्धसैनिक बल की वर्दी पहनकर बैठे मिले। तलाशी लेने पर उनके पास CRPF के नाम से बने नकली पहचान पत्र बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि दोनों आईडी कार्ड फर्जी थे।
आरोपियों की असली पहचान मोनू (गांव खोजकीपुर) और संदीप (गांव आट्टा) के रूप में हुई। ये लोग नकली वर्दी और आईकार्ड का इस्तेमाल कर पुलिस और आम लोगों को धोखा देते थे, ताकि रास्ते में कोई उन पर शक न करे।
जब कैंटर की तलाशी ली गई तो उसमें से 502 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बोतलों से बैच नंबर भी मिटा दिए थे, ताकि शराब की सप्लाई का पता न लगाया जा सके।
पुलिस ने कैंटर, अवैध शराब, फर्जी आईकार्ड और वर्दी को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

