June 13, 2026

घर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के आभूषण और नकदी बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा NIT ने घर से आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अक्षय (निवासी NIT) और अब्जद उर्फ लाला (निवासी संजय कॉलोनी, फरीदाबाद) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, NIT निवासी दीपक ने पुलिस चौकी टाउन नंबर-3 में शिकायत दी थी कि 12 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गया हुआ था। 14 फरवरी को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और घर से नकदी व आभूषण चोरी पाए गए। इस पर थाना SGM नगर में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अक्षय शिकायतकर्ता का पड़ोसी है और उसे मालूम था कि घर में आभूषण रखे हुए हैं। शिकायतकर्ता के बाहर जाने का फायदा उठाकर अक्षय ने अपने साथी अब्जद के साथ मिलकर घर का ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 अंगूठियां, 4 चूड़ियां, 2 मंगलसूत्र, 2 जोड़ी टोप्स, 4 चेन, 2 कड़े, 1 कंठी और 22,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।