Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सेक्टर-16 में एक शादी समारोह के दौरान हुए झगड़े के मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 10 फरवरी को सेक्टर-16 स्थित यादव धर्मशाला में एक शादी समारोह के दौरान यह घटना हुई। करुणा नगर, सेक्टर-89 निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस चौकी सेक्टर-16 में शिकायत दी थी कि यह शादी उनकी बहन की बेटी की थी।
शिकायत में बताया गया कि बारात में आए कुछ युवक समारोह में शोर-शराबा और टिप्पणियां करने लगे। जब परिवार के लोगों ने उन्हें समझाकर वहां से जाने को कहा, तो वे बहस करने लगे और कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों को बुलाकर वापस आ गए। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
इस शिकायत पर थाना सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस चौकी सेक्टर-16 की टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहित, लोकेश, सोनू, दीपक, शिवम (सभी निवासी ओल्ड फरीदाबाद), तुषार (निवासी सेक्टर-16), कुलदीप (निवासी राजीव नगर) और राहुल चंदिला (निवासी खेड़ी पुल) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दूल्हे पक्ष की ओर से शादी में आए थे। कार्यक्रम के दौरान विवाद होने पर उन्होंने अपने साथियों को फोन कर बुलाया और मिलकर मारपीट की।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

