Faridabad/Alive News: नीमका जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या के मामले में आरोपी गैंगस्टर अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने प्रोडक्शन वारंट पर लेकर चार दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस अब हत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 9 फरवरी की रात जेल की बैरक के अंदर अयोध्या के मिल्कीपुर तहसील स्थित मजनाई गांव निवासी आतंकी अब्दुल रहमान की किसी नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। उसे श्रीराम मंदिर पर हमले की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है और क्राइम ब्रांच टीम उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राम मंदिर हमले की साजिश को लेकर हुए विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूछताछ के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि करेगी।

