March 7, 2026

डीएवी महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा आयोजित

Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में 20–21 फरवरी 2026 को “कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं पुस्तकालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में नवाचारपूर्ण सेवाएं” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में होने वाला यह सम्मेलन रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ), भारत सरकार द्वारा प्रायोजित है तथा महाविद्यालय के आईक्यूएसी के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

सम्मेलन में आठ तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिनमें एआई आधारित पुस्तकालय सेवाएं, सूचना प्रबंधन, नवाचारपूर्ण तकनीकी समाधान और ज्ञान समाज निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। देश-विदेश से 100 से अधिक शोधार्थियों, शिक्षाविदों और पुस्तकालय विशेषज्ञों के भाग लेने की संभावना है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार सम्मेलन के अध्यक्ष होंगे। संयोजक मंडल में डॉ. अर्चना सिंघल, डॉ. जितेंद्र ढुल और रितु शामिल हैं, जबकि आयोजन सचिव के रूप में डॉ. बिंदु रॉय, डॉ. धर्मवीर सिंह, तनुजा गर्ग, नेत्रपाल सैन और शिल्पी गोयल कार्यभार संभाल रहे हैं।

पहले दिन मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. ज्योति राणा (कुलसचिव, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, पलवल) होंगी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. संजीव कुमार (प्राचार्य, अग्रवाल महाविद्यालय) रहेंगे। दूसरे दिन मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता (कुलसचिव, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय) होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआरडीओ के डॉ. के.पी. सिंह और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक की प्रो. डॉ. लक्ष्मी गुप्ता उपस्थित रहेंगी।

उत्कृष्ट शोध पत्र, श्रेष्ठ शोध प्रस्तोता एवं श्रेष्ठ एलआईएस प्रोफेशनल को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन पुस्तकालयों और शैक्षणिक संस्थानों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।