March 7, 2026

नगर निगम का सीलिंग अभियान तेज, बड़े टैक्स बकायादारों पर कार्रवाई

Faridabad/Alive News: निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स नहीं जमा करने वाले लोगों और संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की ओर से चलाए जा रहे सीलिंग अभियान को तेज करते हुए बड़े बकायादारों की संपत्तियों को सील किया जा रहा है।
इसी कार्रवाई के तहत एनआईटी-4 स्थित सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) के कार्यालय को सील कर दिया गया है। इस कार्यालय पर 12 करोड़ रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया बताया गया है। इसके अलावा एनआईटी-5 स्थित कस्तूरबा सेवा सदन के दफ्तर को भी सील किया गया है, जिस पर करीब 1 करोड़ 67 लाख रुपये का टैक्स बकाया है।

नगर निगम की टीम ने पिछले एक सप्ताह में करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक के बकायादारों की कुल 111 प्रॉपर्टियों को सील किया है। वहीं अभियान के दौरान कुल 113 संपत्तियों पर कार्रवाई की गई, जिनमें लगभग 38 लाख रुपये का टैक्स बकाया था।

नगर निगम ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे 31 मार्च, वित्तीय वर्ष की अंतिम तिथि से पहले अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर दें और शहर के विकास में सहयोग करें। निगम ने चेतावनी दी है कि टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।