Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर 24 स्थित मेटल शीट कटिंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग और धमाकों में झुलसे कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात 8 घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दिल्ली के एम्स और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों का इलाज फरीदाबाद के सरकारी और निजी अस्पतालों में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे फैक्ट्री में सीएनसी मशीन से निकली चिंगारी पास में रखे केमिकल से भरे ड्रम तक पहुंच गई। इसके बाद ड्रमों में एक के बाद एक धमाके होने लगे और आग ने विकराल रूप ले लिया। यह केमिकल मेटल शीट काटने के काम में इस्तेमाल किया जाता था।
इस हादसे में अब तक करीब 42 लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर, वहां मौजूद लोग, राहगीर, 3 पुलिसकर्मी और 2 फायर ब्रिगेड कर्मचारी भी शामिल हैं।
50 मीटर तक उठीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके इतने तेज थे कि आग का गुबार करीब 50 मीटर तक उठता दिखाई दिया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फैक्ट्री के बाहर रखे ड्रमों में लगातार ब्लास्ट होते दिख रहे हैं। धमाके होते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।
कई गाड़ियां और बाइक जलकर राख
फैक्ट्री के बाहर खड़ी दर्जनभर गाड़ियां और बाइक आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
बचाव में जुटे पुलिस और फायरकर्मी भी झुलसे
राहत कार्य के दौरान एक ड्रम में हुए विस्फोट की चपेट में आकर 3 पुलिसकर्मी और 2 फायर ब्रिगेड कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाका खाली कराया गया
लगातार हो रहे धमाकों के कारण पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया।
कंपनी मालिक भी घायल
फैक्ट्री के मालिक विजय मोगर भी इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि धमाके के समय वे परिसर में ही मौजूद थे।
10 से ज्यादा दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
प्रशासन के अनुसार, आग बुझाने में 10 से अधिक दमकल गाड़ियों को कई घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी लापरवाही सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

