March 7, 2026

कंस्ट्रक्शन साइट से 9.5 टन सरिया चोरी, क्राइम ब्रांच ने 2 आरोपी पकड़े

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने कंस्ट्रक्शन साइट से 9.5 टन सरिया चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रहीश (20) और नासिर (25) के रूप में हुई है, जो तावडू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया आइशर कैंटर भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गांव बडौली निवासी उदित ने थाना बी.पी.टी.पी. में शिकायत दी थी कि सेक्टर-75 स्थित उसके प्लॉट में निर्माण कार्य के लिए रखा 9.5 टन सरिया 10/11 जनवरी की रात अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कैली बाइपास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात के समय कैंटर में सरिया लोड कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बरामद कैंटर आरोपी रहीश का ही बताया जा रहा है। दोनों आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं।

पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि चोरी में शामिल अन्य लोगों और सरिया की बरामदगी के बारे में और पूछताछ की जा सके।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।