Faridabad/Alive News: सोमवार शाम सेक्टर-24 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखे केमिकल ड्रम एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगे।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में सीएनसी मशीनों से मेटल शीट काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे पास में रखे केमिकल से भरे ड्रम में आग लग गई। इसके बाद लगातार धमाके होते रहे और आग तेजी से फैलती चली गई।
आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री से बाहर सड़क तक पहुंच गई। वहां खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
इस हादसे में कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। राहत और बचाव कार्य में लगे पांच पुलिसकर्मी भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शाम तक कुल 42 लोगों के झुलसने की सूचना मिली। अस्पतालों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था और घायलों के लिए बेड खाली कराए गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में 10 और गाड़ियां बुलाई गईं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
लगातार धमाकों के खतरे को देखते हुए आसपास का इलाका एहतियातन खाली करा लिया गया। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

