March 7, 2026

महाशिवरात्रि पर सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में भव्य आयोजन

Faridabad/Alive News: वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, मार्किट नंबर-1 में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। दिन चढ़ने के साथ भक्तों की संख्या में निरंतर वृद्धि होती रही।

मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति भाव का वातावरण बना रहा।

प्रधान जगदीश भाटिया की अध्यक्षता में महारानी श्री वैष्णो देवी मंदिर, तिकोना पार्क से भगवान शिव की बारात ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह बारात मुख्य बाजारों से होती हुई सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर पहुंची, जहां इसका भव्य स्वागत किया गया।

बारात के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूप में सजी झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर प्रांगण में पहुंचने के उपरांत भगवान शिव व पार्वती की जयमाला हुई और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।

तिलक आहूजा की अध्यक्षता में नीलकंठ महादेव मंदिर, 1जी ब्लॉक द्वारा भी भगवान शिव की बारात का भव्य स्वागत किया गया।इस अवसर पर डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि भगवान शिव की आराधना करने से मनुष्य के सभी दुख-दर्द दूर हो जाते हैं। भगवान शिव अपने भक्तों के हृदय में निवास करते हैं और सदैव उनकी रक्षा करते हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए मंदिर प्रबंधन समिति एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बंसीलाल कुकरेजा, सोमनाथ ग्रोवर, रोहित भाटिया, अनिल चावला, प्रेम बब्बर, राकेश खन्ना, तिलक भाटिया, नेत राम गांधी, बलजीत भाटिया, सुरेंद्र गेरा, नीरज मिगलानी, धीरज पुंजानी, धीरज बब्बर, रिंकल भाटिया, गगन अरोड़ा, रविंदर गुलाटी, भरत कपूर, सत्यम अरोड़ा, दिनेश भाटिया, खेम बजाज, अजय शर्मा, सौरभ रतड़ा, मुकुल कपूर, वंश कपूर, आशीष अरोड़ा, अमित नरूला, सचिन भाटिया, गगन भाटिया, बसंत कुमार बिला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।