March 7, 2026

सूरजकुंड शिल्प मेला: शिल्पकारों को मिला सम्मान

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला के 39वें संस्करण का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम घोष मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा तथा मेयर प्रवीण जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह में देश-विदेश से आए शिल्पकारों और बुनकरों को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए सम्मानित किया गया। परंपरागत श्रेणी में तेलंगाना के गड्डम बाला (इकट) और कला रत्न श्रेणी में ओडिशा के दामोदर फतेह सिंह (पट्टचित्र) को पुरस्कार मिला।

कला मणि, कला निधि और कला श्री श्रेणियों में विभिन्न राज्यों के कई शिल्पकारों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं विदेशी श्रेणी में मिस्र, श्रीलंका और अल्जीरिया के कलाकारों को भी उनकी पारंपरिक कलाओं के लिए पुरस्कृत किया गया।

अवार्ड पाकर शिल्पकारों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे अपनी कला के सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक बताया।