Faridabad/Alive News: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला के मुख्य चौपाल मंच पर आयोजित फैशन शो में कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे मॉडलों ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में बनारसी, कांजीवरम, पटोला, चंदेरी, भागलपुरी और फुलकारी जैसी विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध साड़ियों का प्रदर्शन किया गया। लोकधुनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय हस्तशिल्प और वस्त्र परंपरा को बढ़ावा देना तथा युवाओं को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा। बड़ी संख्या में पर्यटक, शिल्पकार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

