Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मार्ग स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्रीसिद्धदाता आश्रम) में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। समारोह में अनंतश्री विभूषित श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शंकर का अभिषेक कर जनकल्याण के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम की शुरुआत वैकुंठवासी जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी सुदर्शनाचार्य जी महाराज एवं गुरुमाता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात “नमामीशमीशान निर्वाणरूपं…” जैसे महामंत्रों के साथ सामूहिक प्रार्थना और अभिषेक अनुष्ठान संपन्न हुआ।
इस अवसर पर स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि भगवान भोलेनाथ को समर्पित आध्यात्मिक पर्व है, जो अज्ञान, अहंकार और दुखों का अंत कर जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रकाश भरता है। उन्होंने बताया कि सनातन परंपरा में शिव और विष्णु एक ही परम सत्ता के स्वरूप हैं तथा यह पर्व साधकों को आध्यात्मिक उन्नति की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष में फाल्गुनी और श्रावणी दो महाशिवरात्रि विशेष महत्व रखती हैं तथा यह दिन साधना, ध्यान और आत्मिक उत्थान के लिए सर्वोत्तम माना गया है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर हजारों श्रद्धालु दिव्यधाम पहुंचे और भगवान शिव के अभिषेक के दौरान “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में फरीदाबाद की महापौर प्रवीण जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष सोहनपाल छोकर, जिला महामंत्री कविंद्र चौधरी, विभिन्न पार्षदों सहित गणमान्य नागरिकों और केरल से आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अंत में श्रद्धालुओं ने अनुशासनपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

