March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट और हाथरस की हींग बनी खास आकर्षण

Faridabad/Alive News : सूरजकुंड में चल रहे सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में इस बार देश-विदेश के स्वाद और उत्पाद लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। मेले में खास तौर पर अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट और हाथरस की मशहूर हींग पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।

अफगानिस्तान के स्टॉल पर बादाम, पिस्ता, अखरोट, काजू, किशमिश, अंजीर और मिक्स ड्राई फ्रूट की कई बेहतरीन किस्में उपलब्ध हैं। ये मेवे प्राकृतिक, स्वादिष्ट और पोषण से भरपूर हैं। स्टॉल संचालकों का कहना है कि शुद्धता और अच्छी गुणवत्ता के कारण लोग इन्हें काफी पसंद कर रहे हैं। ड्राई फ्रूट ऊर्जा, प्रोटीन और जरूरी विटामिन से भरपूर होते हैं, इसलिए इन्हें स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है।

वहीं हाथरस की हींग भी मेले में खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दाल और सब्जी में तड़का लगाते समय थोड़ी-सी हींग स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है। विक्रेताओं के अनुसार यह आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर होती है और पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद मानी जाती है। गैस और अपच जैसी समस्याओं में भी यह सहायक बताई जाती है। शुद्ध देसी हींग की मांग लगातार बढ़ रही है।

मेले के आयोजन और व्यवस्थाओं को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां और पारंपरिक व्यंजन भी लोगों को खूब लुभा रहे हैं।

परिवारों, युवाओं और पर्यटकों की भारी मौजूदगी के बीच यह मेला सांस्कृतिक एकता और आत्मनिर्भरता का संदेश दे रहा है। साथ ही देश-विदेश से आए शिल्पकारों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिल रहा है, जिससे उन्हें नई पहचान भी मिल रही है।