Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में धार्मिक स्थलों पर प्रयुक्त पूजन सामग्री (फूलों) के सम्मानजनक एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन के लिए पायलट परियोजना शुरू की है। पहले चरण में प्रमुख मंदिरों और चयनित आवासीय सोसायटियों से फूल अलग एकत्रित किए जाएंगे, ताकि उन्हें नालियों, जलाशयों और सामान्य कचरे में जाने से रोका जा सके।
यह अभियान विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन के सहयोग से संचालित होगा। निगम ने मंदिर समितियों और आरडब्ल्यूए से अपील की है कि वे पूजन सामग्री अलग रखकर निर्धारित स्थान पर एकत्रित करें।
पहल से नालियों के जाम की समस्या कम होगी, लैंडफिल पर भार घटेगा तथा फूलों से कम्पोस्ट और अगरबत्ती जैसे उत्पाद बनाए जा सकेंगे। निगम ने नागरिकों से स्वच्छ व सुंदर शहर बनाने में सहयोग की अपील की है।

