March 7, 2026

सूरजकुंड शिल्प मेले का 15 फरवरी को होगा समापन, राज्यपाल प्रो. आशिम कुमार घोष होंगे मुख्य अतिथि

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड में चल रहा सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला 15 फरवरी (रविवार) को भव्य समापन समारोह के साथ समाप्त होगा। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर आशिम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मेला 31 जनवरी से शुरू हुआ था और पूरे आयोजन के दौरान देश-विदेश से आए शिल्पकारों और कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। समापन समारोह की सभी तैयारियां पर्यटन निगम हरियाणा और मेला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं।

आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

15 फरवरी को दोपहर 3 बजे होने वाले इस समारोह में विभिन्न राज्यों और देशों से आए शिल्पकारों, हस्तशिल्प विशेषज्ञों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।

यह सम्मान पारंपरिक शिल्प और लोक कलाओं के संरक्षण के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा।