March 7, 2026

वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोईन (26) के रूप में हुई है, जो गांव धौज का रहने वाला है। उसे सेक्टर-48 इलाके से चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, एतमादपुर निवासी रीतिक ने शिकायत दी थी कि 11 जनवरी को उसने अपनी मोटरसाइकिल अपने दोस्त के घर के बाहर खड़ी की थी, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने तथा मोटरसाइकिल चलाने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।