March 7, 2026

कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर हड़ताल, सरकार से हाईकोर्ट आदेश लागू करने की अपील

Faridabad/Alive News: सरकारी विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित (पक्का) करने की मांग को लेकर प्रदेशभर में कर्मचारियों ने हड़ताल की। इस हड़ताल को सफल बनाने पर स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा की पूर्व राज्य प्रधान और सर्व कर्मचारी संघ की पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी आशा शर्मा ने सभी कर्मचारियों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में किसान, मजदूर, विद्यार्थी, औद्योगिक मजदूर, भट्टा मजदूर, रिटायर्ड कर्मचारी, बैंक और रेलवे कर्मचारियों सहित कई संगठनों ने समर्थन दिया, जो कर्मचारियों की एकजुटता का प्रमाण है।

आशा शर्मा ने सरकार से अपील की कि वह हठधर्मिता छोड़कर हाईकोर्ट के आदेश को लागू करे और कच्चे कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 के बाद किसी भी कच्चे सरकारी कर्मचारी को पक्का नहीं किया गया, जबकि ये कर्मचारी लंबे समय से स्थायी कर्मचारियों के बराबर काम कर रहे हैं।

हड़ताल के समर्थन में स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पूर्व चेयरमैन जितेंद्र मोर और फरीदाबाद की पूर्व प्रधान मीना कुमारी भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को न्याय पाने के लिए अदालत की शरण लेनी पड़ी और हाईकोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला दिया, लेकिन सरकार अभी तक उसे लागू नहीं कर रही है।

नेताओं ने श्रम कानूनों और वेतन संबंधी मुद्दों पर भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि आठवें वेतन आयोग को लेकर भी अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं हुआ है।

हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और कई स्थानों पर चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरने को जिला प्रधान सविता, जिला सचिव श्याम बीर, कैशियर अजय प्रजापति, सह सचिव उर्मिला, किरन, पूनम, नीरज, चंचल, पुष्कर, सोनू, मुकेश मंगवाना सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।