Faridabad/Alive News: सूरजकुंड झूला हादसे के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सुप्रीम अस्पताल पहुंचकर भर्ती तीनों घायलों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार उनके साथ खड़ी है और इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
हादसे में शहीद हुए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके परिवार को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार ‘झूला सेफ्टी पॉलिसी’ तैयार करेगी, ताकि मेलों और मनोरंजन स्थलों पर झूलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, हरियाणा टूरिज्म के एमडी पार्थ गुप्ता, डीसी आयुष सिन्हा और सीएमओ जयंत अहूजा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

