Faridabad/Alive News: गिरदावल एन्क्लेव, तिलपत में 9 फरवरी को हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किशोर सहित 4 आरोपियों को पकड़ लिया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने की है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 9 फरवरी को गिरदावल एन्क्लेव में 30 वर्षीय जय सिंह की चार युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई जगत सिंह की शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने 10 फरवरी को हिमांशु (19) और तुषार (19) को गिरफ्तार किया, जो गिरदावल एन्क्लेव, धीरज नगर के रहने वाले हैं। वहीं 11 फरवरी को घटना में शामिल दो किशोरों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने जय सिंह के एक दोस्त की बहन पर टिप्पणी की थी। इस बात को लेकर जय सिंह और उसके साथियों ने उन्हें पहले डांटकर भगा दिया था। कुछ समय बाद आरोपी दोबारा मौके पर आए और हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु और तुषार ने दोनों किशोरों को चाकू दिए थे, जिसके बाद किशोरों ने जय सिंह पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

