March 7, 2026

सैन पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया

Faridabad/Alive News: जीवन नगर स्थित सैन पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एनआईटी के विधायक सतीश फागना ने दीप जलाकर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड 2 के पार्षद मुकेश डागर रहे। कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी अतिथियों का मन मोह लिया। स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत के साथ-साथ मोबाइल के प्रति बच्चों में बढ़ती लत को लेकर जागरूक किया।

एनआईटी के विधायक सतीश फागना ने संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बधाई का पात्र है। इस क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार के लिए जो स्कूल मेहनत कर रहा है और मध्य वर्ग के लोगों के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहा, यह नेक कार्य है। विधायक ने कहा, क्षेत्र को विकास से अछूता नही रहने दिया जायेगा। लोगों की मूलभूत सुविधा के लिए काम किये जा रहे है। अगर फिर भी कोई समस्या रहती है तो उनके घर के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपलब्धियां भी बताई। उन्होंने कहा, किसी गरीब मेहनतकश को भूखा नही सोने दिया जायेगा, उनकी सरकार हर गरीब परिवार को पांच किलो राशन मुहैया करा रही। उन्होंने बच्चों और स्कूल प्रबंधन की सुंदर प्रस्तुति पर सराहना की।

स्कूल के चेयरमैन डॉ अमनदीप नंदा ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया और स्कूल में होने वाली सभी गतिविधियों के बारे में अतिथि और अभिभावकों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष स्कूल का रिजल्ट उत्कर्ष आ रहा है इसके साथ-साथ स्कूल में विद्यार्थियों को खेल और विभिन्न कंपटीशन के लिए भी तैयार किया जाता है। मंच संचालन बारहवीं कक्षा की दो छात्राओं ने किया और पूरा कार्यक्रम स्कूल प्रबंधक गायत्री नंदा व परमीत कौर की रेखदेख में सम्पन्न हुआ।