March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में हेलीकॉप्टर झूला और जलपरी शो बने पर्यटकों की पहली पसंद

Faridabad/Alive News: 39 वें अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले में मनोरंजन के साधन इन दिनों पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। मेले के गेट नंबर-1 के पास बने झूला परिसर में दिनभर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। फरीदाबाद, दिल्ली, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों से आए लोग परिवार के साथ झूलों का आनंद ले रहे हैं।

मेले में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए छोटे-बड़े मिलाकर करीब 30 तरह के झूले लगाए गए हैं। इनमें सलामी झूला, डबल डिस्क, ब्रेक डांस, जायंट व्हील, रेंजर झूला और आधुनिक हेलीकॉप्टर झूला सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर झूला लोगों को हवा में घुमाते हुए दुबई सिटी जैसा आभासी अनुभव दे रहा है, जिससे रोमांच का माहौल बना हुआ है।

बच्चों के लिए पानी में बोटिंग और ऊंट की सवारी की भी व्यवस्था की गई है। बच्चे ऊंट की सवारी का आनंद लेते हुए रेगिस्तानी संस्कृति को करीब से देख रहे हैं, वहीं परिवार के अन्य सदस्य बोटिंग का मजा ले रहे हैं। झूलों के टिकट 100 रुपये से 200 रुपये तक हैं, जिसे लोग किफायती बता रहे हैं। सुरक्षा को लेकर झूला परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं।

झूलों के आसपास खाने-पीने के कई स्टॉल भी लगे हुए हैं, जहां चाट, फास्ट फूड, मिठाइयों और अलग-अलग राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन मिल रहे हैं। पर्यटक परिवार के साथ खाने-पीने का भी भरपूर आनंद उठा रहे हैं। इसके अलावा मेले में जलपरी और पानी में होने वाले आकर्षक शो भी दर्शकों को खूब लुभा रहे हैं। पानी के भीतर तैरती जलपरी को देखने के लिए बच्चों और बड़ों की लंबी कतारें लग रही हैं। यह शो खास तौर पर बच्चों के लिए यादगार अनुभव बन रहा है।

सूरजकुंड शिल्प मेला अब केवल कला और हस्तशिल्प तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मनोरंजन का भी बड़ा केंद्र बन गया है। आयोजकों ने पर्यटकों से अपील की है कि वे हेलीकॉप्टर झूले, जलपरी शो और अन्य मनोरंजन गतिविधियों का आनंद जरूर लें।