March 7, 2026

सूरजकुंड में यूपी के पद्मश्री शिल्पकार चिरंजी लाल यादव की पीतल कला बनी खास आकर्षण

Faridabad/Alive News: अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेला भारतीय पारंपरिक कला और संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाने का बड़ा मंच बन चुका है। इस मेले में थीम स्टेट उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से आए पद्मश्री सम्मानित शिल्पकार चिरंजी लाल यादव अपनी प्रसिद्ध पीतल (ब्रास) कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।

चिरंजी लाल यादव स्टॉल नंबर 1184 पर पिछले 22 वर्षों से लगातार सूरजकुंड मेले में भाग ले रहे हैं। वे मुरादाबाद की मशहूर पीतल शिल्प परंपरा को जीवित रखते हुए उसे देश और विदेश तक पहुंचा रहे हैं। उनकी कला में पारंपरिक कारीगरी के साथ आधुनिक डिजाइन का सुंदर मेल देखने को मिलता है।

उनकी स्टॉल पर पीतल से बने कई आकर्षक और उपयोगी उत्पाद उपलब्ध हैं, जिनमें ब्रास की बास्केट, ट्रे, जहाज की आकृति वाले शोपीस, चकला-बेलन, चाय ट्रे, फूलदान, फल रखने के बाउल, सजावटी घंटियां, बांसुरी, पूजा सामग्री और घर सजाने के अन्य सामान शामिल हैं। इन सभी उत्पादों की बारीक नक्काशी और शानदार फिनिशिंग लोगों को खूब पसंद आ रही है।

पद्मश्री शिल्पकार चिरंजी लाल यादव ने बताया कि सूरजकुंड मेला उनके लिए सिर्फ व्यापार का जरिया नहीं, बल्कि अपनी कला और परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि वे ग्राहकों की पसंद के अनुसार पीतल के उत्पादों पर नाम, धार्मिक चिन्ह, विशेष डिजाइन और आधुनिक पैटर्न भी तैयार करते हैं। यही वजह है कि उनकी स्टॉल पर आने वाले पर्यटक इन खास और अनोखे उत्पादों को खरीदकर अपने साथ ले जा रहे हैं।