March 7, 2026

सूरजकुंड में 8 फरवरी को गुरदास मान का लाइव शो, महा स्टेज पर बिखेरेंगे पंजाबी रंग

Faridabad/Alive News: 39 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में प्रसिद्ध पंजाबी गायक और अभिनेता गुरदास मान रविवार, 8 फरवरी को सूरजकुंड मेले के महा स्टेज पर लाइव परफॉर्मेंस देंगे।

हरियाणा पर्यटन विभाग के अनुसार, इस बार मेले में कई बड़े कलाकारों की प्रस्तुतियां रखी गई हैं, जिनमें पद्मश्री कैलाश खेर के साथ-साथ गुरदास मान का नाम भी शामिल है। गुरदास मान अपनी लोकप्रिय गीतों के जरिए दर्शकों को पंजाबी लोक संगीत और संस्कृति से रूबरू कराएंगे।

उनके गीतों में पंजाब की मिट्टी की खुशबू, रिश्तों की मिठास और जीवन के अलग-अलग रंग झलकते हैं, जो हर उम्र के लोगों को पसंद आते हैं। उनकी आवाज और प्रस्तुति सीधे श्रोताओं के दिलों को छू जाती है।

सूरजकुंड मेला केवल हस्तशिल्प का ही नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देखने और समझने का भी बड़ा मंच है। ऐसे में गुरदास मान की लाइव परफॉर्मेंस मेले की सांस्कृतिक शोभा को और बढ़ाएगी। इस खास शाम को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, जहां संगीत और परंपरा का खूबसूरत संगम देखने को मिलेगा।