Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, भगत कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे “Veda Quant Council” और “VIP668” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इन ग्रुपों में निवेश से जुड़े टिप्स दिए जाते थे और ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया। आरोपियों ने उसे “Vent Sec Pro” नाम का एक मोबाइल एप डाउनलोड करवाया, जिसके जरिए उसने कुल 3 लाख 79 हजार 450 रुपये निवेश कर दिए।
एप में उसके खाते में करीब 11 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो राशि नहीं निकली। इसके बाद उसे ठगी का पता चला और उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान प्रताप गुप्ता, सतेंद्र कुमार, जितेंद्र बलुनी, राज गुप्ता और मनोरंजन बराल उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली व गाजियाबाद में रह रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में किराये पर फ्लैट लेकर फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। मनोरंजन और राज लोगों को कॉल कर निवेश के लिए फंसाते थे। जितेंद्र ने फर्जी मोबाइल एप तैयार करवाई थी, जिसके जरिए ठगी की जाती थी। सतेंद्र बैंक खाते उपलब्ध कराता था, जबकि प्रताप के बैंक खाते में ठगी की रकम मंगाई जाती थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

