September 27, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 अवैध हथियारों के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन सभी आरोपियों के कब्जे से 4 देसी कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 4 फरवरी को क्राइम ब्रांच भूपानी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संजय कॉलोनी निवासी मुकेश को प्रतापगढ़ नहर के पास से देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। इसी टीम ने संजय कॉलोनी निवासी बलबीर को सेक्टर-22 मछली मार्केट के पास से अवैध हथियार सहित पकड़ा।

वहीं, क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने एसी नगर फरीदाबाद निवासी पंकज कुमार को बल्लभगढ़ बस स्टैंड के पास से देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने गांव रायपुर, जिला गुरुग्राम निवासी अजय, जो वर्तमान में जखोपुर कॉलोनी सोहना में रह रहा था, को सेक्टर-48 हनुमान मंदिर रोड से अवैध हथियार सहित पकड़ा।

चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।