Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शुरू की गई “पौटहोल रिपेयर एंड मेंटेनेंस वेन” की अभिनव पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है। हाल ही में राजधानी दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा आयोजित पर्यावरण से संबंधित बैठक में इस मॉडल की विशेष प्रशंसा की गई, जिसके बाद दिल्ली नगर निगम ने भी इसे अपनाने का निर्णय लिया है।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में अक्टूबर 2025 में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य शहरी सड़कों पर बने गड्ढों की त्वरित मरम्मत करना है। विशेष रिपेयर वेन में रोलर मशीन, कटर और रेडीमेड सेल मिक्स बैग की सुविधा उपलब्ध है, जिससे मौके पर ही गड्ढों को भरा जा रहा है। इससे सड़क मरम्मत कार्य में तेजी आई है और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि इस सेवा से शहरवासियों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिली है। नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निगम ने व्हाट्सएप नंबर 9871699494 जारी किया है, जिस पर लोग गड्ढे की लोकेशन और फोटो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलते ही निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कर रही है।
दिल्ली नगर निगम द्वारा फरीदाबाद मॉडल को अपनाए जाने को निगम आयुक्त ने नगर निगम फरीदाबाद के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल सड़क गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात जाम की समस्या को कम करने में भी प्रभावी साबित हो रही है। फरीदाबाद नगर निगम की यह पहल अब अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती जा रही है।

