Faridabad/Alive News: क्रेडिट कार्ड से जुड़ी साइबर ठगी के एक मामले में फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने क्रेडिट कार्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर 1 लाख 40 हजार 367 रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एनआईटी-5 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मई को उसके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड प्वाइंट रिडीम से जुड़ा एक मैसेज आया था। मैसेज में दिए गए लिंक को खोलने पर उसने अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी और ओटीपी दर्ज कर दी।
इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल हैंग हो गया और उसके बैंक खाते से 1,40,367 रुपये निकल गए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी अभिषेक शर्मा (29), निवासी शिकारपुर, दिल्ली ने अपने दोस्त आकाश के नाम से बैंक खाता खुलवाया और उसमें अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर कराया। इसके बाद यह खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया गया। इस खाते में ठगी की रकम में से 93,578 रुपये आए थे। इस मामले में आकाश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

