Faridabad/Alive News: फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड में आयोजित 39वें सूरजकुंड इंटरनेशनल आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल में आने वाले पर्यटकों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की ‘सारथी ऐप’ को मेले के लिए आधिकारिक ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के रूप में लागू किया गया है।
अब पर्यटकों को टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी। जारी किए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर घर बैठे ही आसानी से ऑनलाइन टिकट बुक किए जा सकते हैं। यह सुविधा डिजिटल और कैशलेस अनुभव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
‘सारथी ऐप’ एंड्रॉयड यूजर्स के लिए गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर्स के लिए एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से सुरक्षित और सुविधाजनक टिकट बुकिंग की जा सकती है।
गौरतलब है कि सूरजकुंड मेला हर वर्ष देश-विदेश के कारीगरों, कलाकारों और पर्यटकों को आकर्षित करता है। इस नई डिजिटल पहल से दर्शकों को सुविधा मिलने के साथ-साथ मेले का आयोजन भी अधिक सुचारु रूप से किया जा सकेगा।

