Faridabad/Alive News: अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट मेले में हरियाणा का ‘अपणा घर’ ग्रामीण संस्कृति और विरासत को संजोए पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। विरासत दि हेरिटेज विलेज, कुरुक्षेत्र द्वारा स्थापित इस प्रदर्शनी को अब तक लाखों पर्यटक देख चुके हैं। यह जानकारी विरासत के संयोजक डॉ. महासिंह पूनिया ने दी।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अमित अग्रवाल एवं निदेशक पार्थ गुप्ता के निर्देशन में इस वर्ष ‘अपणा घर’ को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यहां हरियाणा की पगड़ी के विभिन्न स्वरूपों के साथ ग्रामीण जीवन से जुड़ी 100 वर्ष से अधिक पुरानी दुर्लभ वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया है।
प्रदर्शनी में ऊंट बांधने के पुराने ताले (न्यौल), पनघट के डोल, दूध बिलोने की रईयां, खेती में उपयोग होने वाले औजार, मुगल काल के ताले, कुएं से वस्तु निकालने के कांटे-बिलाई, पुराने माप तौल के उपकरण, खाट, पीढ़ा सहित अनेक लुप्तप्राय वस्तुएं दर्शाई गई हैं। युवा पीढ़ी को जोड़ने के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं।
डॉ. पूनिया ने कहा कि ‘अपणा घर’ का उद्देश्य हरियाणा की ग्रामीण विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजना और लोगों को अपनी संस्कृति पर गर्व करने के लिए प्रेरित करना है।

