June 13, 2026

केंद्रीय बजट विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम : प्रवीण बत्रा जोशी

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग को राहत देने के साथ-साथ वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की निरंतर प्रगति को सुनिश्चित किया गया है।

महापौर ने कहा कि यह बजट बीते 12 वर्षों की आर्थिक स्थिरता, वित्तीय अनुशासन और सतत विकास की नीति को आगे बढ़ाने वाला सशक्त दस्तावेज है। कम महंगाई, मजबूत आर्थिक वृद्धि और जिम्मेदार फैसलों के साथ भारत ने अपनी दिशा स्पष्ट रखी है।

उन्होंने आत्मनिर्भर भारत पर जोर देते हुए कहा कि सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, रेयर-अर्थ कॉरिडोर, इंडस्ट्री आधारित रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट जैसे प्रावधान भारत को भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करेंगे। एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये के ग्रोथ फंड से रोजगार और स्थानीय उद्योगों को बल मिलेगा।

महापौर ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर 12.2 लाख करोड़ रुपये के कैपिटल एक्सपेंडिचर, टियर-2 व टियर-3 शहरों पर फोकस और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को आर्थिक विकास की गति बढ़ाने वाला बताया। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और मध्यम वर्ग को राहत देने वाले प्रावधानों की भी उन्होंने सराहना की।

अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सबका साथ–सबका विकास–सबका विश्वास की भावना को मजबूत करने वाला रोडमैप है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी।