March 7, 2026

डीएवी स्कूल एनटीपीसी में ‘नो नशा–नेशन’ अभियान के तहत हवन यज्ञ आयोजित

Faridabad/Alive News: डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी में ‘नो नशा–नेशन’ अभियान श्रृंखला के अंतर्गत आर्य युवा समाज के सहयोग से तृतीय हवन एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं सामाजिक चेतना के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों व समाज को नशा जैसी सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण व हवन-यज्ञ से हुआ, जिसमें अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों व स्थानीय नागरिकों ने आहुति अर्पित की। इस अवसर पर नीलम बरेजा (काउंसलर, एमसीएफ), प्रेम कुमार मित्तल, गिरधारी लाल मित्तल सहित आर्य समाज व सामाजिक संस्थाओं के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

अतिथियों ने नशे को समाज के लिए गंभीर समस्या बताते हुए सामूहिक प्रयास व निरंतर जागरूकता पर बल दिया। हवन उपरांत सभी ने ‘नो नशा–नेशन’ की सामूहिक शपथ लेकर स्वयं व समाज को नशा मुक्त रखने का संकल्प लिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका अरोड़ा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व व राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम को नशा मुक्त, स्वस्थ व सशक्त भारत की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।