Faridabad/Alive News: 39वां सूरजकुंड इंटरनेशनल आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल 31 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मेले में 2000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस उपायुक्त एनआईटी मकसूद अहमद को मेला का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिनकी सहायता के लिए 17 एसीपी या डीएसपी स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे।
29 जनवरी को पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य में फिट पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, बेहतर टर्नआउट, पहचान पत्र, आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार और पुलिस बल के लिए उचित रहने-खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के मद्देनजर मेले को 6 पुलिस जोन में बांटा गया है। कुल 5 प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी, एचएचएमडीऔर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मेला परिसर में 600 से अधिक सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी, डॉग स्क्वॉड और एंटी डिस्पोजल टीम की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा 12 मचान, 10 पिकेट, 6 नाके और 9 बैरिकेट प्वाइंट बनाए गए हैं।
यातायात व्यवस्था के लिए 11 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए 4 पीसीआर और 6 राइडर तैनात किए गए हैं। मेला परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम और खोया-पाया काउंटर भी स्थापित किया गया है।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे मेले के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

