March 7, 2026

फोन स्नैचिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, छीना गया मोबाइल और बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: पुलिस ने फोन स्नैचिंग के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नासिर और तस्लीम, निवासी धौज फरीदाबाद के रूप में हुई है। दोनों को गुरुग्राम–बड़खल रोड से पकड़ा गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आसीम, निवासी रोहिणी दिल्ली ने थाना डबुआ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 5 जनवरी 2026 को वह पैदल डबुआ–पाली रोड स्थित कंपनी में काम पर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पीछे से आए और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और उन्होंने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।