March 7, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 3.51 लाख की ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-21D फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 21 अगस्त को टेलीग्राम ऐप के जरिए उसकी बातचीत एक महिला से हुई। महिला ने खुद को फॉरेक्स एक्सचेंज से जुड़ी टीम का सदस्य बताया।

महिला द्वारा भेजे गए लिंक से शिकायतकर्ता ने एक अकाउंट बनाया और निवेश करना शुरू कर दिया। ठगों के झांसे में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 51 हजार 50 रुपये निवेश कर दिए।

जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस निकालने की बात कही तो ठग महिला ने 10 लाख रुपये और निवेश करने की शर्त रख दी। तभी शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपी आदित्य कुमार, निवासी सारन जिला बिहार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शिवम का बैंक खाता अभिषेक से लेकर आगे ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपी 12वीं पास है।

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। इस मामले में शिवम और अभिषेक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।