September 15, 2026

डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी फरीदाबाद में 100 कुंडीय हवन व जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Faridabad/Alive News: डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी फरीदाबाद द्वारा बसंत पंचमी के पावन अवसर पर 100 कुंडीय हवन एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘नो नशा नेशन’ अभियान के अंतर्गत 22 फरवरी 2025 को सेक्टर-70 स्थित डीडी क्रिकेट एकेडमी परिसर में वैदिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।

यह आयोजन आर्य युवा समाज के मार्गदर्शन में किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर उन्हें स्वस्थ जीवन, अनुशासन, संयम और अच्छे संस्कारों की ओर प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विक्रम सिंह रावत, असिस्टेंट कमांडेंट, सीआईएसएफ फरीदाबाद उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में नीरज उनियाल (फायर सेफ्टी ऑफिसर, सीआईएसएफ), विपिन टंडन (प्रधान, आईडब्ल्यूए सेक्टर-70), आर.सी. चौधरी, डी.पी. शांगले, वी.डी. शर्मा, राहुल (अध्यक्ष, डीडी क्रिकेट अकादमी) तथा सुमन रावत (अध्यक्ष, सीआईएसएफ महिला संगठन) अपनी टीम के साथ शामिल रहीं।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे वैदिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच पैदा करते हैं और नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने जीवन को सही दिशा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे मोती विंग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और मार्शल आर्ट का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। हवन के दौरान वैदिक मंत्रों और आहुतियों से पूरा वातावरण शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका अरोड़ा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्था और आर्य युवा समाज की यह संयुक्त पहल विद्यार्थियों में संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करती है।

हवन समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यह आयोजन नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम साबित हुआ।