Faridabad/Alive News: अवैध नशा कारोबार के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग मामलों में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इन कार्रवाइयों में कुल 1.076 किलोग्राम चरस और 550 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पहले मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने आरोपी इंद्रजीत, निवासी सुखरोली, संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश) को शिव मंदिर, हरकेश नगर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1.076 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह चरस गोरखपुर से करीब 1 लाख 30 हजार रुपये में खरीदकर लाया था।
दूसरे मामले में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने आरोपी अमरनाथ, निवासी गणेश झुग्गी, न्यू पेट्रोल पंप के पास, जिला फरीदाबाद को अनखीर चौक के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 550 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोपी इंद्रजीत को माननीय अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि आरोपी अमरनाथ के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है।
फरीदाबाद पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

