Ambala/Alive News: हरियाणा के अंबाला में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के चार बड़े और प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। यह ईमेल सुबह करीब 8:22 बजे स्कूल प्रशासन को प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 2:11 बजे ब्लास्ट होने की बात लिखी गई थी।
ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और पुलिस में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई, जिसके बाद सभी संबंधित स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि तय समय पर कोई धमाका नहीं हुआ और बच्चों की छुट्टी भी नहीं की गई।
इन स्कूलों को मिली धमकी:
अब तक जिन स्कूलों के नाम सामने आए हैं, उनमें—एसए जैन स्कूल, अंबाला सिटी, पुलिस डीएवी रिवरसाइड स्कूल, अंबाला कैंट, केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, सैन्य क्षेत्र इसके अलावा कुछ अन्य स्कूलों को भी इसी तरह के ईमेल मिलने की सूचना है।
धमकी को गंभीरता से लेते हुए सैन्य क्षेत्र में स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 के बाहर सेना के जवान तैनात कर दिए गए हैं। स्कूल के क्लासरूम, खेल मैदान और परिसर में खड़े वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है।
डीएवी रिवरसाइड स्कूल की प्रिंसिपल सीमा ने बताया कि ईमेल मिलते ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी। शुरुआती जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ढिल्लो के अनुसार, सभी स्कूलों के बाहर PCR और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस इसे फिलहाल किसी की शरारत मान रही है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जा रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल आईपी एड्रेस ट्रैक कर रही है।
सुबह-सुबह मिली इस खबर से अभिभावक काफी चिंतित नजर आए और कई लोग स्कूलों के बाहर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

