Faridabad/Alive News: साइबर ठग अब केवल आर्थिक ठगी तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि वे नौकरी का झांसा देकर युवतियों का यौन शोषण भी कर रहे हैं। साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने ऐसे ही एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दयालनगर फरीदाबाद निवासी विशाल कुमार, गांव डेहरियामा जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी योगेश कुमार और दिल्ली के पटेल नगर निवासी हर्ष कुमार के रूप में हुई है।
जॉब पोर्टल से लेते थे डाटा, एयरपोर्ट नौकरी का देते थे लालच
साइबर थाना सेंट्रल प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि आरोपित ‘जॉब है’ नाम की वेबसाइट से नौकरी की तलाश कर रहे युवक-युवतियों का डाटा हासिल करते थे। इसके बाद वे खुद को प्लेसमेंट एजेंसी का कर्मचारी बताकर एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। भरोसा जीतने के लिए फर्जी कॉल लेटर और अन्य दस्तावेज भेजे जाते थे।
इंश्योरेंस, ट्रेनिंग और ड्रेस के नाम पर वसूली
आरोपित नौकरी पक्की कराने के नाम पर इंश्योरेंस, ट्रेनिंग और ड्रेस आदि के बहाने युवाओं से रुपये वसूलते थे। जो युवतियां रुपये देने में असमर्थ होती थीं, उन्हें इंटरव्यू के बहाने होटल में बुलाया जाता था।
अश्लील वीडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल
होटल में अच्छी पोस्ट पर नौकरी दिलाने का लालच देकर उनकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए आरोपी शारीरिक संबंध बनाते थे और इस दौरान अश्लील वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लेते थे। बाद में इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवतियों का बार-बार शोषण किया जाता था। पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल से कई युवतियों की अश्लील वीडियो बरामद की हैं। अब तक छह-सात युवतियों को इनके शिकार बनने की पुष्टि हुई है।
देश के कई शहरों में फैला था ठगी का नेटवर्क
आरोपित बेहद शातिर थे और 8 से 10 ठगी करने के बाद ठिकाना बदल लेते थे। वे गुरुग्राम, पुणे, मुंबई, अंधेरी, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे शहरों में रहकर पिछले चार साल से ठगी कर रहे थे। इनका लक्ष्य एक व्यक्ति से करीब 50 हजार रुपये की ठगी करना होता था, ताकि मामला पुलिस की नजर में गंभीर न आए।
पीड़िताओं से सामने आने की अपील
साइबर थाना प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि यदि पीड़ित युवतियां सामने आकर शिकायत दर्ज कराती हैं तो आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। पुलिस स्वयं भी पीड़िताओं से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। अब तक सामने आया है कि इनकी शिकार युवतियां दिल्ली, महाराष्ट्र और पुणे की हैं। पुणे की एक युवती से तो ब्लैकमेल कर डेढ़ लाख रुपये भी वसूले गए थे।

