March 7, 2026

ईडी की कार्रवाई पर कांग्रेस नेताओं का विरोध, पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप के घर समर्थकों की भीड़

Faridabad/Alive News: सैनिक कॉलोनी स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र प्रताप के आवास पर ईडी की छापेमारी करीब 16 घंटे तक चली, जो रात करीब 11 बजे समाप्त हुई। इस दौरान दिन-रात हजारों समर्थक उनके घर के बाहर जमा रहे। छापेमारी खत्म होने के बाद भी अगले दिन सुबह से लगातार समर्थकों का आना-जाना लगा रहा।

पूर्व मंत्री से मिलने पहुंचे विधायक आफताब अहमद ने ईडी की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि यह उन लोगों के खिलाफ साजिश है जो कांग्रेस में अहम पदों पर हैं या लंबे समय से जनसेवा कर रहे हैं। आफताब अहमद ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाइयों से विपक्ष के नेताओं का मनोबल तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है और सभी कांग्रेस नेता महेंद्र प्रताप और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।

इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप ने कहा कि उनका परिवार कई दशकों से राजनीति में है और भागने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ईडी को किसी तरह की जानकारी चाहिए थी तो नोटिस भेजा जा सकता था। वे खुद ईडी कार्यालय जाकर सभी सवालों का जवाब दे देते। उन्होंने यह भी कहा कि ईडी द्वारा मांगे गए सभी दस्तावेज पहले से ही सरकारी रिकॉर्ड में ऑनलाइन उपलब्ध हैं और जो कागजात मांगे गए थे, वे ईडी को दे दिए गए हैं।