Faridabad/Alive News: डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी फरीदाबाद में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2025–26 में विजेता रहे विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 6 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक देश के विभिन्न राज्यों के स्टेडियमों में आयोजित हुई, जिसमें विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया।
मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी 2026 को आयोजित इस सम्मान समारोह की शुरुआत हवन के साथ हुई। कार्यक्रम में विजेता खिलाड़ियों के माता-पिता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित कर उनके मेहनत और अनुशासन की सराहना की।
विद्यालय के खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में कुल 3 स्वर्ण, 6 रजत और 23 कांस्य पदक जीते। यह उपलब्धि स्कूल की मजबूत खेल परंपरा और अच्छे प्रशिक्षण का परिणाम है।
एथलेटिक्स की 400 मीटर दौड़ में वृष्टि तेवतिया ने स्वर्ण पदक जीता। ताइक्वांडो अंडर-17 में भूमिका और बॉक्सिंग अंडर-17 में तन्वी तेवतिया ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
रजत पदक जीतने वालों में ताइक्वांडो अंडर-17 में वत्सल गुप्ता, कराटे अंडर-17 में चहल, कराटे अंडर-19 में प्रज्ञान शुक्ला और अंडर-17 बालक फुटबॉल टीम शामिल रही।
कांस्य पदक विजेताओं में स्किपिंग रोप, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे और एथलेटिक्स के कई खिलाड़ी शामिल रहे। साथ ही अंडर-17 बालिका फुटबॉल टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्राचार्या अलका अरोड़ा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और विद्यालय के बेहतर खेल वातावरण का नतीजा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगे भी स्कूल के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

