Faridabad/Alive News: रोड सेफ्टी माह के तहत सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान जेसीबी चौक, एलसन चौक और ओल्ड फरीदाबाद चौक का जायजा लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि निरीक्षण में रोड सेफ्टी सेल इंचार्ज निरीक्षक राजेश कुमार, आरटीए से निरीक्षक गजेंद्र और एनएचएआई के अधिकारी अमित कुमार मौजूद रहे। टीम ने दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की पहचान की और मौके पर ही जरूरी सुधार कार्यों को लेकर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान अनाज मंडी कट पर रेलवे ब्रिज के पास ग्रिल लगाने का काम तुरंत शुरू कराया गया, ताकि लोग खतरनाक तरीके से सड़क पार न कर सकें। इसके अलावा अन्य चौकों पर रोड मार्किंग, साइन बोर्ड, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और आगे भी ऐसे सुधार कार्य जारी रहेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क केवल तय स्थानों जैसे जेब्रा क्रॉसिंग और फुटओवर ब्रिज से ही पार करें। बीच सड़क से अचानक न गुजरें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर लगाएं और तेज व लापरवाही से वाहन न चलाएं।

