March 8, 2026

अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ

Faridabad/Alive News: मेरा युवा भारत, फरीदाबाद तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में सोमवार को जिले में अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में गोवा प्रांत से आए 37 ऊर्जावान युवाओं ने भाग लिया, जो हरियाणा की संस्कृति, परंपराओं और विकास को करीब से जानने के उद्देश्य से फरीदाबाद पहुंचे हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी ने दीप प्रज्वलन कर किया। जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि संदीप जोशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं। यदि उन्हें सही अवसर और सकारात्मक दिशा मिले तो भारत को पुनः विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों और विचारों को जोड़कर राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करते हैं।

‘मेरा युवा भारत’ के एमिनेंट पर्सन अमित भारद्वाज ने कहा कि यह मंच युवाओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम है। वहीं पलवल से आए एमिनेंट पर्सन मोहित पाठक ने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजवीर सिंह (प्रोफेसर, जीजीडीएस कॉलेज) ने ‘विकसित भारत–2047’ विषय पर युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वोपरि है और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन कर ही देश को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है।

इस अवसर पर लेखाकार राजेंद्र शर्मा, पुष्पेंद्र ठाकुर, देवानंद, किरपण, वंदना, दीपक शर्मा, कविता, आशा रानी और सुनील अदाना सहित विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन हिमांशु भट्ट ने किया।

यह अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम न केवल युवाओं के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि सांस्कृतिक संवाद के माध्यम से ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी सशक्त करेगा।