Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना पल्ला में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। इस मामले में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कार्तिक को गिरफ्तार किया। आरोपी मदनगिरी, दिल्ली का रहने वाला है और वर्तमान में सूर्या विहार, पल्ला में रह रहा था। उसे बाईपास रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास, सेक्टर-37 से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।
इसी तरह, अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने थाना पल्ला में दर्ज एक अन्य वाहन चोरी के मामले में आरोपी करण को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव हरनौल, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल खेड़ी पुल क्षेत्र में रह रहा था। उसे तिगांव रोड स्थित बांके बिहारी मार्केट से चोरी की मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया।
वहीं, अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने एक और मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपी सोहीदुल को गिरफ्तार किया। आरोपी सुभाष कैंप, बदरपुर, दिल्ली का निवासी है और वर्तमान में ग्रीन फील्ड कॉलोनी, फरीदाबाद में रह रहा था। उसे सेक्टर-45 से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।

